CG Mahtari Vandana Yojana: छत्‍तीसगढ़ की 70 लाख महिलाओं को दिवाली का तोहफा देंगी राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

महतारी वंदन योजना: छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए इस दिवाली खास खुशखबरी है। आज प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बड़ा तोहफा देने जा रही हैं। राष्ट्रपति महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) की 9वीं किस्त जारी करेंगी।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा चल रहा है। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी। महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की 9वीं किस्त दिवाली से पहले जारी की जा रही है, जिससे प्रदेश की महिलाओं में उत्साह का माहौल है।

सिंगल क्लिक से खातों में पहुंचेगी राशि
आज राष्ट्रपति मुर्मू सिंगल क्लिक के जरिए महतारी वंदन योजना की 9वीं किस्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगी। इस योजना के तहत हर महीने महिलाओं को 1000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इस बार की राशि नवंबर में दी जानी थी, लेकिन दिवाली का पर्व 31 अक्टूबर को होने के कारण सरकार ने किस्त पहले जारी करने का निर्णय लिया है।

कब शुरू हुई थी महतारी वंदन योजना?
महतारी वंदन योजना की पहली किस्त 10 मार्च को जारी की गई थी। सरकार बनने के बाद से साय सरकार हर महिला को हर महीने 1000 रुपये उसके खाते में भेज रही है।

योजना के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 लाख 12 हजार 800 पात्र महिलाओं के खातों में 655 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ट्रांसफर की थी। यह राशि हर महीने के पहले सप्ताह में हितग्राही महिलाओं के खातों में जमा की जाती है।

इस तरह, महतारी वंदन योजना के तहत दी गई यह किस्त महिलाओं के लिए दिवाली का तोहफा साबित हो रही है, जिससे उनका उत्साह और खुशी दोगुनी हो गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *